पानीपत। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों और इसके बाद किसी प्रकार की कार्रवाई न होने का मामला उठने के बीच शनिवार को पहलवान बजरंग पूनिया पानीपत पहुंचे। वे समालखा के पाइट कॉलेज में एक कार्यक्रम के बाद सीएम मनोहर लाल से मिले। उनकी सीएम के साथ तीन से चार मिनट तक चलते-चलते बात हुई। इसके बाद सीएम आरएसएस संघ की बैठक के लिए रवाना हो गए। हालांकि बजरंग पूनिया ने सीएम से मिलने का कारण व्यक्तिगत बताया।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर पहलवान विनेश फौगाट ने यौन शोषण का आरोप लगाया था और 18 जनवरी को जंतर-मंतर दिल्ली में धरना दिया था। विनेश के समर्थन में साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया सहित कई पहलवान आए थे। उन्होंने भी अध्यक्ष पर यौन योषण के आरोप लगाते हए सरकार से अध्यक्ष को भारतीय कुश्ती संघ से बाहर करने की मांग की थी, पहलवानों की मांग पर पूरे मामले की जांच करने के लिए एक कमेटी बनाई गई थी, जिसकी अब तक रिपोर्ट नहीं आई।
पहलवानों ने कमेटी में बनाए गए सदस्यों पर भी सवाल खड़े किए थे। अब तक कमेटी ने भी कोई जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी है। ऐसे में पानीपत सीएम से मिलने पहुंचे पहलवान बजरंग पूनिया की मुलाकात भी इसी संदर्भ में बताई जा रही है।
वर्जन
मैं अपने व्यक्तिगत काम को लेकर सीएम से मिलने गया था, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नहीं गया था, उनकी मुलाकात सीएम से हुई है, किस मामले को लेकर मिला था, इस बारे में मैं अभी कुछ नहीं कह सकता।
- बजरंग पूनिया,अंतराष्ट्रीय पहलवान