पानीपत। सुताना गांव से चिनाई ठेकेदार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पिता ने ठेकेदार के पास काम करने वाले दो मजदूरों पर मारपीट कर उसका अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठेकेदार की तलाश शुरू कर दी है।
सुताना निवासी धनपत ने बताया कि उनका बेटा कृष्णा चिनाई ठेकेदार है। वह गांव के ही एक व्यक्ति का दोनों नहरों के बीच मकान बना रहा है। उसके पास गांव के ही रहने वाले अमरजीत और अनिल काम करते थे। मकान मालिक ने कहा कि वह बालाजी जा रहा है। लौटकर रुपये देगा, लेकिन अनिल और अमरजीत रुपये देने का दबाव बनाने लगे। 12 अगस्त को वह हरिद्वार गंगा स्नान करने गया था, जबकि बेटा कृष्णा घर पर था। वह शाम पांच बजे बाइक से कहीं जा रहा था। गांव में अनिल और अमरजीत ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और बाइक छीन ली। आरोप है कि आरोपियों ने उसका अपहरण कर लिया। इसकी सूचना बेटी ने उसे फोन पर दी। वह 13 अगस्त को पानीपत पहुंचा और बेटे की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने मामले की शिकायत पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस को दी।
धनपत ने बताया कि 13 अगस्त को आरोपी अमरजीत उनके बेटे की बाइक से घर आया और कृष्णा की पत्नी मुनेश को चाकू दिखाकर बोला कि एक को तो मार दिया है, अब बाकी की बारी है, बचकर रहना। धनपत ने बताया कि उन्होंने इस मामले में गांव में पंचायत की। इसमें अनिल और अमरजीत ने कहा कि उन्होंने रुपये वसूली करने के लिए सिर्फ बाइक छीनी थी। उसके बाद उन्हें नहीं पता कि कृष्णा कहां गया। पुलिस ने छीनी गई बाइक बरामद की है।
पिता की शिकायत पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।
- नरेंद्र कुमार, प्रभारी, पुराना औद्योगिक थाना