पानीपत। ड्रेन नंबर-दो पर बबैल गांव में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर कैटल लाइट लगाने के दौरान मोटरसाइकिल की टक्कर लगने से करनाल के एक श्रमिक की मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया। थाना पुलिस सेक्टर-13-17 पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करनाल के जाटो गेट के नजदीक शम्भूनाथ मंदिर के पास रहने वाले सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमबीर कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता है। उसके साथ सेवक लाल निवासी जुंडला गेट करनाल, सूरज प्रताप सिंह निवासी गांव बिराल जिला मुज्जफरनगर उत्तर प्रदेश और रतन लाल (53) निवासी इंद्रा कॉलोनी जुंडला गेट करनाल भी काम करते हैं। वे चारों ड्रेन नंबर-दो पर बबैल में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर कैटल लाइट लगा रहे थे। उन्होंने सेफ्टी रस्सी और वर्क प्रोग्रेस बेल्ट भी बचाव के लिए लगाई हुई थी। ब्यूरो