पानीपत। काबड़ी रोड स्थित एक फैक्टरी के श्रमिक ने वीरवार को फंदा लगाकर जान दे दी। श्रमिक इसी धागा फैक्टरी में रहता था। उसने अपने कमरे से गोदाम में आकर ये कदम उठाया। उसके आत्महत्या करने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ हैं। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
काबड़ी गांव निवासी ईश्वर (30) अविवाहित था। वो काबड़ी रोड पर भारत नगर के पास एक धागा फैक्टरी में काम करता था और वहीं पर रहता था। वह बुधवार शाम को अपने कमरे से फैक्टरी के गोदाम में आया और अपने गमछे से पंखे पर फंदा लगाकर जान दे दी। साथी श्रमिकों ने उसका गोदाम में शव लटका देखकर इसकी सूचना फैक्ट्री मालिक को दी। फैक्ट्री मालिक ने इसकी सूचना पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया।