माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बिजली निगम की सनौली रोड सब डिवीजन में अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत से काम करवाने का एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जिसमें सब डिवीजन के तहत कराए जा रहे एक केबल बदलने के काम को बिना टेंडर, बिना एस्टीमेट या वर्क ऑर्डर और बिना पैसे जमा करवाए ही दूसरी सब डिवीजन के कर्मचारियों से कराया जा रहा था।
जब संबंधित सब डिवीजन के कर्मचारियों को इस गड़बड़झाले का पता चला तो उन्होंने बिजली निगम को रहे इस वित्तीय नुकसान की ओर गोलमाल की लिखित शिकायत एसडीओ सनौली रोड सब डिवीजन को भी दी। बिजली निगम कर्मचारियों का कहना है कि जीटी रोड स्थित महिलाओं की नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ऑफ वुमन में बिजली निगम ने अपने एचटी पोल से अंडरग्रांउड केबल बिछाकर उनके मीटर तक इसका कनेक्शन दिया था।
इसमें फॉल्ट होने की वजह से इसको खंभे लगाकर ऊपर से गुजारने के लिए आवेदन आया। जिसका मौका मुआयना करने के लिए सनौली रोड सब डिवीजन के एरिया इंचार्ज मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि इस काम को बिना एस्टीमेट, बिना निगम में पैसा जमा करवाए ही इसराना सब डिवीजन के जेई और ठेकेदार कर रहे हैं। मौके पर तीन खंभे लगाकर उनके ऊपर केबल तक बिछा दी गई थी, जबकि उनको अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली सब डिवीजन के काम की कोई जानकारी तक नहीं मिली।
कर्मचारियों ने बताया कि जिस काम को दूसरी सब डिवीजन का जेई करवा रहा है उस काम का न तो उनके पास कोई एस्टीमेट है और न ही उन्होंने बिजली निगम में इसका कोई पैसा जमा करवाया है। जिससे निगम को वित्तीय नुकसान होने की संभावना बनी हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि इस प्रकार के किसी भी काम को करने के लिए पहले एस्टीमेट बनाकर निगम में पैसे जमा करवाए जाते हैं इसके बाद ही स्टोर से सामान निकलवाया जा सकता है।
इस काम में तीन खंभे यानी एचटी पोल सरकारी हैं जो स्टोर से गए हैं। जबकि इसमें लगाई गई केबल प्राइवेट लगाई गई है। बिना पूरी कागजी कार्रवाई किए स्टोर से बिजली के पोल निकलवाना भी संदेहपूर्ण स्थिति के बारे में अवगत करा रहा है। वहीं, करीब 30 मीटर एक्सएलपी केबल को प्राइवेट लिया गया है। जबकि इसके लिए अगर कोई आवेदक खुद का सामान लगाना चाहे तो उसे 1.5 प्रतिशत राशि निगम को जमा करवानी पड़ती है। ये भी बिना राशि जमा करवाए ही बाहर से लगवाई जा रही है।
ये विभागीय कार्रवाई है। हम काम कर रहे हैं। इस बारे में कोई बयान नहीं दिया जा सकता है। - अंजलि शर्मा, एसडीओ, सनौली रोड सब डिवीजन।