पानीपत। महिलाओं को राशन डिपो में 33 फीसदी हिस्सा दिलाने के लिए आवेदन तिथि सात दिन आगे बढ़ा दी गई है। अब 14 अगस्त शाम पांच बजे तक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में अपना आवेदन जमा किए जा सकते हैं। जिले में फिलहाल 501 राशन डिपो हैं, जिनमें से सिर्फ 13 राशन डिपो महिला डिपो होल्डरों के पास हैं। यह जानकारी जन नायक जनता पार्टी के प्रेस प्रवक्ता जयदेव नौल्था ने दी।
उन्होंने बताया कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना वादा पूरा किया है। आवेदन प्रक्रिया में संलग्न होने वाले दस्तावेज तैयार नहीं होने के कारण महिलाओं को आवेदन करने में परेशानी हो रही थी। महिला आवेदकों की परेशानी को देखते हुए डिप्टी सीएम ने आवेदन तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। जिले में 165 महिलाओं को डिपो होल्डर बनाने के लिए ये योजना चलाई गई है।
पानीपत जिले में 1.37 लाख राशनकार्ड हैं। इनमें 5.20 लाख सदस्य जुड़े हुए हैं। इन राशन कार्डों में बीपीएल श्रेणी के 1.20 लाख राशन कार्ड और एएवाई श्रेणी के 16492 शामिल हैं। फिलहाल बीपीएल कार्ड धारक को पांच किलोग्राम प्रति सदस्य के हिसाब से गेहूं दिया जा रहा है। वहीं एएवाई राशनकार्ड धारक को कुल 35 किलोग्राम गेहूं दिया जा रहा है। बीपीएल और एएवाई दोनों ही कार्डधारकों को 13.50 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट से एक-एक किलोग्राम चीनी भी मिलती है। एक लाख से कम आमदनी वाले कार्डधारकों को दो लीटर सरसों का तेल 40 रुपये में दिया जाता है।
राशन डिपो आवेदन करने के लिए आवेदन को कहीं जाने की जरूरत नहीं है। 21 वर्ष से 45 वर्ष तक की आवेदक अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, वोटर कार्ड, शैक्षणिक दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेजों के आधार पर सरल पोर्टल पर खुद आवेदन कर सकती है। डिपो की जमीन संबंधी दस्तावेजों के लिए नक्शा और जमीन की पैमाइश होना जरूरी है। इसके अलावा अटल सेवा केंद्र से भी आवेदन करा सकती हैं।