पानीपत/बापौली । तामशाबाद गांव में बेटे के जन्म के बाद कुआं पूजन रस्म पर पिता ने हर्ष फायरिंग कर दी। यहां गोली चलने पर पास खड़ी युवक की भाभी को पेट में छर्रे जा लगे। उसको परिजन आनन फानन में सनौली रोड स्थित निजी अस्पताल में लेकर गए। यहां इलाज के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए महिला की छुट्टी करा घर ले गए। ग्रामीणों ने इस घटना की शिकायत सनौली थाना पुलिस को नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।
तामशाबाद गांव में प्रिंस नामक युवक के घर बेटे ने जन्म लिया था। रविवार शाम को यहां बेटा पैदा होने पर यहां कुआं पूजन की रस्म पर कार्यक्रम चल रहा था। प्रिंस ने उत्सव के दौरान अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली नीचे गली में लगी और छर्रा निकलकर उसकी भाभी के पेट में जा लगा। छर्रा लगते ही उसकी भाभी जमीन पर गिर गई । प्रिंस व उसका पिता कृष्ण महिला को सनौली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां इलाज के बाद परिजन देर रात महिला को वापस घर ले गए। ग्रामीणों की ओर से इस संबंध में कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी गई। जिले में हर्ष फायरिंग में घायल होने का ये 15 दिन में दूसरा मामला है।
बॉक्स
बच्ची को हर्ष फायरिंग में 25 फरवरी को लगे थे छर्रे
25 फरवरी को आठ मरला में धानक बस्ती में बच्चे की छठीं पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा था। यहां डीजे पर नाचते वक्त कुलतार नाम के व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी थी। यहां डीजे के पास खड़ी एक नौ साल की बच्ची के पेट, टांग पर पांच छर्रे लगे थे। बच्ची को यहां से खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। पुलिस ने मामले में आरोपी पर केस दर्ज कर लिया था।
वर्जन-
सनौली थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।