पानीपत। जीटी रोड पर पीवीआर के सामने स्थित एक निजी अस्पताल में एक महिला की संदिग्ध बुखार से मौत हो गई। यहां परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने फीस न मिलने पर इलाज शुरू नहीं किया था, जबकि वह मंगलवार रात को बारिश रुकने पर घर से पैसे लाकर जमा कराने की बात कहते रहे। इलाज के अभाव में महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के परिजनों ने सिटी थाना पुलिस को लिखित में शिकायत देकर आरोपी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल के धोलगढ़ गांव निवासी राजबीर ने बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है। उसका बड़ा बेटा मोनू व दो बेटियां स्नेहा व नेहा है। उसकी पत्नी वर्षा (34) को चार दिन से बुखार था। उसने मंगलवार रात नौ बजे वर्षा को पीवीआर के सामने जीटी रोड पर निजी अस्पताल में दाखिल कराया था। यहां डॉक्टर ने फाइल चार्ज के उससे पांच हजार व 3400 रुपये इलाज के नाम पर लिए गए। इसके बाद रात 11 बजे उससे 12 हजार रुपये फिर मांगे गए। उसने कहा कि बरसात रुकने के बाद वह घर से लाकर दे देगा। तब तक उसकी पत्नी का इलाज शुरू किया जाए, लेकिन इलाज शुरू नहीं किया। काफी देर प्रार्थना करने के बाद उसका इलाज शुरू किया गया। उसको कहा गया कि उसकी पत्नी को हार्ट अटैक आया है। उसका बीपी लो है। उसे सुबह बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है। उसे शक है कि उसकी पत्नी की मौत इलाज न मिलने से हुई है। उसकी पत्नी की मौत के बाद भी उनसे 38 हजार रुपये मांगे गए। उन्होंने यह पैसे देने से इंकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन-
सिटी पुलिस थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत के कारण स्पष्ट होंगे। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।