पानीपत। काबड़ी गांव की बेटी को बच्चा पैदा न होने पर ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता दो साल से अपने मायके में रह रही है। पति उसे आज तक लेने नहीं आया। पीड़िता की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काबड़ी गांव की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दिसंबर 2018 में जींद के दिलवाना गांव निवासी पवन के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। शादी के बाद उसे कोई बच्चा नहीं हुआ, जिसे लेकर पति व ससुराल पक्ष के लोग उसे ताने देने और मारपीट करने लगे। आरोप है कि पति कोई काम नहीं करता। वह दिनभर घर पर ही रहता है और रात में शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न करने पर उसे खाना तक नहीं देते थे। इससे उसकी तबीयत बिगड़ जाती तो दवा भी नहीं कराते। पुलिस ने पति, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है।