इसराना। एक ट्रक चालक का एटीएम से रुपये निकालने के लिए किसी अनजान व्यक्ति से मदद लेना महंगा पड़ गया। चालक का डेबिट कार्ड बदलकर अनजान व्यक्ति ने उसके खाते से 17,900 की नकदी साफ कर दी। पुलिस ने चालक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में धर्मबीर वासी गोंदापुरा जिला यमुनानगर ने बताया कि वह ट्रक चालक है। वह वीरवार को ट्रक लेकर इसराना आया था। इसराना अड्डे के पास पीएनबी के एटीएम से पैसे निकलवाने लगा तो उसके पैसे नहीं निकलने पर अंदर खड़े अनजान व्यक्ति से मदद मांगी। अनजान व्यक्ति ने उसका डेबिट कार्ड लेकर 15 हजार रुपये निकालकर उसे दे दिए और कार्ड भी उसे दे दिया। शाम के समय उसके मोबाइल पर 17,900 रुपये निकलने का मैसेज आया। जिससे देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित का आरोप है कि मददगार ने उसका एटीएम बदल लिया और उसके साथ धोखाधड़ी कर दी।