पानीपत। जाटल रोड के पास दिल्ली पैरलल नहर में पैर धोते वक्त बहे नगर निगम के सफाई कर्मचारी शव मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खुबड़ू झाल पर मिला। परिजनों ने शव को देख उसे बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शोंधापुर निवासी आर्यन ने बताया था कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसके पिता प्रमोद कुमार नगर निगम में सफाई कर्मचारी हैं। उसके पिता 20 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे बिंझौल गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर के पास घूमने गए थे। इसी वक्त वह नहर में पैर धोने लगे और फिसलने के कारण संतुलन खो बैठे और नहर में गिर गए। इसके बाद पानी के तेज बहाव में बह गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। प्रमोद दो बच्चों का पिता था, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।