पानीपत। हाली कॉलोनी निवासी वेस्ट कारोबारी उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हुए कार सड़क हादसे में जिंदा जल गया और उसकी मौत हो गई। उसके तीन बच्चों, पत्नी व बहन को लोगों ने कार से निकाल लिया। चलती कार पर ट्रक पलट गया था। जिस कारण यह हादसा हुआ है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने कारोबारी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कारोबारी के शव को हाली कॉलोनी स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हाली कॉलोनी निवासी इमरान की बहन का 15 दिन पहले बिजनौर में निकाह हुआ था। इमरान अपनी बहन को ससुराल से लेने जा रहा था। बिजनौर के बैराज रोड पर मंगलवार अल सुबह मेरठ-दिल्ली हाइवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को साइड से टक्कर मारी। जिससे चावल की बोरियों से भरा ट्रक इमरान की कार पर पलट गया। जिससे इमरान स्टेरिंग व सीट के बीच फंस गया। वहीं कार के पिछले हिस्से पर बोरियां गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्होंने बिना देरी किए बचाव कार्य किया। इसी के चलते परिवार के बाकी सभी सदस्यों को लोगों ने बाहर निकाल लिया था। इनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल है। कार में पलटे ट्रक को जब तक क्रेन की सहायता से लोगों ने हटाया, तब तक कार में आग भड़कने से इमरान की झुलसने से मौत हो चुकी थी।