संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। मनाना गांव में महाबीर की दुकान के पास से गुजरने वाले नाले की दीवार कई वर्षों से टूटी होने और नाले की सफाई नहीं होने से गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भर गया है। इसके कारण आने जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। इस बारे में कई बार बीडीपीओ कार्यालय में शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीण राजेश, धोला, महाबीर, बल्लू, सुनील कपिल, सोनू, चांद आदि ने बताया कि महाबीर की दुकान के पास जा गुजर रहा नाले की सफाई नहीं हो पा रही है। साथ ही नाले की दीवार कई वर्षों से टूटी हुई है। इस कारण से गंदा पानी गलियों में भर जाता है। इसको लेकर कई बार बीडीपीओ कार्यालय में शिकायत भी दी गई थी।
बीडीपीओ कार्यालय से कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए पैमाइश कर जल्द ही नाले की मरम्मत की बात कही थी लेकिन काफी दिनों बाद आज तक न तो नाले की मरम्मत हो सकी और न ही सफाई कर्मी नाले को साफ करते हैं। गली में पानी भरने से आवाजाही में दिक्कत होती है।
इसके अलावा स्कूल जाने वाले बच्चे भी परेशान होते हैं। बारिश के इस सीजन में गली के लगभग सभी घरों में दो-दो फीट पानी भर गया था। लोगों ने कहा कि वो नारकीय जीवन जी रहे हैं जबकि भाजपा सरकार कहती है कि गांव के विकास से ही देश का विकास जुड़ा हुआ है।