पानीपत। गोपाल कॉलोनी के पास मॉर्निंग वाक कर रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जीआरपी पुलिस को दी।
परिजनों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी कृपा शंकर (30) पिछले 12 साल से पानीपत में बत्रा कॉलोनी में रहता था। वह दरी बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। वह मंगलवार को सुबह छह बजे मॉर्निंग वाक करने के लिए निकला था। वह गोपाल कॉलोनी के पास घूम रहा था कि इसी बीच वह जींद की तरफ जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कृपा शंकर शादीशुदा था। उसके तीन बच्चे है, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। जीआरपी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।