पानीपत। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को आयोजित इंटर-कॉलेज शूटिंग चैंपियनशिप में शूटिंग की विभिन्न विधाओं में आर्य महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने अनेक पदक अपने नाम किए। इसी क्रम में विशाल, राहुल व अंजली का यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चयन किया गया। उपाचार्या डाॅ. अनुराधा सिंह ने बताया कि 06 से 08 दिसंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आर्य पीजी महाविद्यालय में इंटर-कॉलेज शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इसमें आर्य कॉलेज के होनहार खिलाड़ियों ने 10 मीटर एयर पिस्टल में विशाल, मनीष, प्रियांशु और राहुल ने संयुक्त रूप से रजत पदक, एकल 10 मीटर एयर पिस्टल में राहुल सैनी और अंजली सैनी ने रजत, 10 मीटर एयर राइफल में कार्तिक, विनय, हितेश और दीपक ने कांस्य, 10 मीटर एयर पिस्टल वुमन में अंजली सैनी, मुस्कान और डिप्सी ने रजत पदक जीतकर कॉलेज के साथ-साथ अपने शहर का भी नाम रोशन किया। महाविद्यालय के विशाल प्रजापति, राहुल सैनी और अंजली सैनी का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (शूटिंग) के लिए हुआ है जिसमें ये खिलाड़ी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। संवाद