इसराना। बुआना लाखू गांव स्थित अरुण मेमोरियल बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ी विनय ने सातवीं जूनियर राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में 54 से 57 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर एकेडमी और गांव का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता महाराष्ट्र के नागपुर में पांच से 11 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। एकेडमी में प्रशिक्षण दे रहे बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अरुण कुमार मेमोरियल एकेडमी के खिलाड़ी विनय ने अपनी मेहनत और ताकत के बल पर कांस्य पदक पर कब्जा किया है। उन्होंने आगे बताया कि इस एकेडमी में करीब सौ लड़के व लड़कियां बॉक्सिंग के गुर सीखते हैं। आसपास के गांवों के खिलाड़ी भी यहां अभ्यास करने आते हैं। यहां के खिलाड़ियों ने पहले भी राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर बहुत मेडल जीते हैं। उन्होंने बताया कि गरीब खिलाड़ियों के लिए यहां पर मुफ्त बॉक्सिंग की ट्रेनिंग दी जाती है। कोच ने सरकार से मांग की है कि यहां पर मुक्केबाजी रिंग स्थापित कराई जाए, इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में आसानी हो सके।