बिजली कटों से परेशान गांव नवादा आर के ग्रामीणों ने निगम एवं प्रशासन के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांवों की बिजली काट कर फैक्टरियों को दी जा रही है। जिसकी वजह से उन्हे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण सलीम, विनोद, अमित, गुलजार, जंगीरा, अलामेर, रोजू, अनील, बलवान, कुल्दीप, साहिर, सुरेश, दयानंद, धर्मपाल आदि ने कहा कि बिजली न आने से खेतों की फसल सूख गई है। किसान बिजली के कारण परेशान हो रहे हैं। खेतों की बिजली काटकर बिजली फैक्टरियों को दी जा रही है। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि उनके साथ हो रहा अन्याय सहन नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द बिजली की समस्या का समाधान नहीं किया तो उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। उधर, बिजली निगम ने गांवों की बिजली काटकर फैक्टरियों को देने के आरोप को निराधार बताया हैं।