पानीपत। लगातार हाे रहे हादसों के बावजूद भी जिले में वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाने से नहीं रुक रहे। पिछले एक सप्ताह में पुलिस ने अभियान चलाकर हाईवे पर उल्टी दिशा में वाहन दौड़ाने वाले 275 वाहन चालकों के चालान किए हैं। वहीं ध्वनि प्रदूषण करने पर छह वाहन चालकों के चालान किए गए। यातायात थाना प्रभारी सुभाष ने बताया कि 24 से 30 नवंबर तक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने अभियान के दौरान गलत लेन में वाहन चलाने के 275, ध्वनि प्रदूषण करने के छह, लाल नीली बत्ती इस्तेमाल के तीन तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले 25 वाहन चालकों के चालान किए। पुलिस ने इस दौरान सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।