पानीपत। आठ मरला कॉलोनी में पैसों के लेन-देन विवाद में तीन आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। महिलाओं ने शोर मचाया तो पड़ोसी घर पहुंचे, जिनकों देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महिलाओं ने मामले की शिकायत मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आठ मरला कॉलोनी निवासी राधा रानी ने बताया कि उसके बेटे संदीप का सुमित त्यागी के साथ पैसों का लेन-देन है। शुक्रवार को उसका पति कृष्ण और बेटा संदीप घर पर नहीं थे, वह काम से बाहर गए हुए थे। इसी बीच सुमित त्यागी घर में घुस आया। उसने कहा कि घर पर पति और बेटा नहीं है, घर में सिर्फ वह और उसकी पुत्रवधू है, लेकिन सुमित अपने दो साथियों के साथ जबरदस्ती घुस आया और घर में तोड़फोड़ करने लगा। उसने घर में सेंटर टेबल, शो केस का शीशा और सीसीटीवी कैमरे की तार तोड़ दिए। जबरदस्ती सोफे पर बैठ गए। सुमित त्यागी ने कहा कि आज वह पैसे लेकर जाएगा, पैसे नहीं दिए तो तुम्हारे को जान से मार दूंगा। उसने धमकी सुनकर शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग पहुंच गए, जिनको देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने वारदात की सूचना पति, बेटे और पुलिस को दी।