पानीपत। गोली लगने से घायल युवक का इलाज न करने पर उसके परिजनों ने गोहाना रोड स्थित सरदाना अस्पताल में तोड़फोड़ और वार्ड ब्वॉय से मारपीट की। इसके बाद परिजन अस्पताल स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वार्ड ब्वॉय ने मामले की शिकायत कृष्णपुरा चौकी पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने युवक के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से बिहार के जिला बेतिया के गांव रूलही निवासी रामबाबू ने बताया कि वह हाल में गोहाना रोड सरदाना अस्पताल में वार्ड ब्वॉय की नौकरी करता है। 30 अगस्त को वह ड्यूटी पर था। रात साढ़े 11 बजे दो युवक एक युवक को अस्पताल लेकर आए, बोले कि इसको गोली लगी है, इलाज कर दो। उसने कहा कि अस्पताल में डाक्टर नहीं है, आप घायल को सामान्य अस्पताल ले जाओ। इतना कहते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसके साथ मारपीट करने लगे। अस्पताल के स्टाफ के साथ दुर्व्यहार किया। अस्पताल के गेट का शीशा तोड़ दिया। सामान में तोड़फोड़ की। जिसके बाद आरोपी उसे व अस्पताल के स्टाफ को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।