पानीपत। एंटी नारकोटिक्स सेल ने चौटाला रोड पर कोरियर कंपनी के गोदाम के पास से नशा सप्लायर को नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन की खेप सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2400 नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए। आरोपी की पहचान दुष्यंत निवासी करहंस के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 12 दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से प्रतिबंधित इंजेक्शन सप्लाई करने वाले आरोपी के बारे में पूछताछ करेगी। उसी से गांजबड़ का पहलवान प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शन लेकर जाता था। उसके समेत दो आरोपियों को पुलिस टीम ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज संदीप ने बताया कि पुलिस की गिरफ्त में आया दुष्यंत निवासी करहंस गांव नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन बिहार से कोरियर द्वारा मंगवाता है। पार्सल की डिलीवरी के लिए आरोपी अपना मोबाइल नंबर देकर पानीपत की किसी भी कॉलोनी का पता दे देता था। कंपनी में पार्सल आने पर कोरियर बॉय डिलीवरी देने के लिए फोन करता तो आरोपी कंपनी के गोदाम से खुद ही पार्सल को लेकर जाता था। वह काफी समय से अवैध इंजेक्शन की सप्लाई कर रहा है। आरोपी 25 रुपये प्रति इंजेक्शन के हिसाब से खरीदकर 50 से 70 रुपये प्रति इंजेक्शन बेचता था। आरोपी ने पूछताछ में एक सप्ताह पहले गांव गांजबड़ निवासी राजपाल को नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शनों की खेप बेचने बारे स्वीकारा। आरोपी राजपाल को गत दिनों 3500 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी राजपाल भी दुष्यंत से इंजेक्शन खरीदता था। पुलिस ने अब आरोपी दुष्यंत से 2400 पेंटाजोसाइन टेझोविन नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं।