सनौली। यमुना से रेत निकालने को लेकर यूपी के खनन ठेकेदारों के विरोध में हरियाणा के ठेकेदार और ग्रामीण उतर आए हैं। इसे लेकर रविवार को देर रात भी जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। वहीं एसडीएम ने देर रात ही ओवरलोड वाहनों के चालान भी किए।
यमुना से आवाजाही के घाट का ठेका लेने वाले स्थानीय ठेकेदार और ग्रामीण रविवार की रात यूपी के खनन ठेकेदारों के विरोध में उतर आए। स्थानीय ठेकेदार का आरोप है कि खनन के वाहनों की आवाजाही की पर्ची नहीं कटवाई जा रही है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि उनके खेतों के रास्ते और गांव की गली से ओवरलोड खनन से भरे वाहन गुजर रहे हैं, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है।
दरअसल यमुना में आवाजाही के लिए पुराने समय में घाट बनाए गए थे। यहां से नाव के सहारे लोगों व उनके वाहनों को यमुना के एक छोर से दूसरे छोर पर ले जाया जाता है। बीडीपीओ सनौली खुर्द के अंतर्गत पत्थरगढ़ घाट का ठेका राणा माजरा निवासी नौसाद व इस्तीकार को एक साल के लिए 3.50 लाख रुपये में दिया गया है। ठेकेदार ने यमुना पार कराने के रेट तय कर रखे हैं। पानीपत के गांव राणा माजरा के सामने ही यूपी के गांव मंडावर व खुरगान रकबे में यूपी प्रशासन की मंजूरी से यमुना में ठेकेदार रेत निकाल रहे हैं। अब यमुना का पानी यूपी की तरफ बह रहा है। मंडावर और खुरगान का रकबा हरियाणा की तरफ सूखा है। ठेकेदार ने इस तरफ खनन चला रखा है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने डंपरों के निकलने के लिए आसपास के कई किसानों की जमीन ठेके पर ले रखी है, जिससे अन्य किसान इसके विरोध में आ गए हैं। रविवार की रात इसे लेकर विवाद के बाद मौके पर पहुसनौली थाना प्रभारी महाबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत किया।
वहीं एसडीएम समालखा अमित कुमार ने यमुना से सटे गांव राणा माजरा व गढ़ी बेसक के पास स्थित रेत के ओवरलोड डंपरों के चालान किए। साथ ही इसको लेकर स्पेशल पुलिस नाके लगाने के आदेश दिए।
बोले किसान-चार दिन से रोज हो रहा विवादगांव राणा माजरा के किसान बिलाल, नासिर, मोसिन, हारूण, गयूर, नासा व कादिर ने बताया कि रेत ठेकेदारों ने उनकी जमीन ठेके पर लेने के बाद पूरे रुपये नहीं दिए हैं। ओवरलोड डंपरों की वजह से खेतों के रास्तों में गहरे गड्ढे हो गए हैं। गांव की सड़कें व गलियां भी टूट गईं हैं। पिछले चार दिन से शाम के समय हर रोज इसको लेकर विवाद खड़ा हो रहा है।