समालखा। मनाना गांव में पंचायत चुनाव में मतगणना के बाद हंगामा हो गया। मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए लोगों ने मतगणना केंद्र को घेर लिया और धरने पर बैठ गए। मतगणना के दौरान चार सौ वोटों से आगे चल रहीं प्रत्याशी 19 वोट से हार गईं। इसके बाद हंगामा खड़ा हो गया।
सरपंच प्रत्याशी कांता पक्ष के समर्थकों ने वार्ड-1, वार्ड-2 और वार्ड-3 की मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए पोलिंग बूथ के सामने हंगामा कर दिया। रात 11 बजे तक धरने पर बैठे रहे। हंगामे पर एडीसी वीना हड्डा, एसडीएम अमित कुमार, डीएसपी ओमप्रकाश और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण दोबारा मतगणना कराने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद फिर से मतगणना शुरू कराई गई, जिसके बाद रेखा देवी को ही 19 वोट से विजयी घोषित किया गया।