पानीपत। गोहाना मोड़ से एनएफएल नाके तक स्टेट हाईवे को फोरलेन करने का आधा-अधूरा काम लोगों के लिए मुसीबत बन चला है। इस पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। सवा साल पहले इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ था। अब तक इस प्रोजेक्ट का 50 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। एक माह पहले इस साढ़े तीन किलोमीटर लंबे सड़क के टुकड़े को उखाड़ा गया था। सड़क चौड़ीकरण के लिए सड़क को बीचोबीच डिवाइडर के लिए खोदा गया है। सामग्री चढ़ाने के लिए सड़क में गहरे गड्ढे किए गए हैं। अब एक माह से वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर तय करना पड़ रहा है। आए दिन बाइक सवार सड़क हादसों में घायल हो रहे हैं। बड़े वाहन अनियंत्रित होकर पलट जा रहे हैं। यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। पीडब्ल्यूडी को सितंबर तक इस प्रोजेक्ट का काम पूरा करना है, लेकिन अब इस प्रोजेक्ट में बरसात के कारण भी देरी हो रही है। यह विधायक प्रमोद विज का ड्रीम प्रोजेक्ट भी रहा है।
पीडब्ल्यूडी ने हाईवे को फोरलेन करने के लिए डिवाइडर के स्थान पर चार-चार फुट गहरे गढ्डे खोद दिए हैं। रात को वाहन चालक इनमें गिरकर भी घायल हो रहे हैं। बरसात के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं। ऐसे में वाहन चालकों की जान को जोखिम में है। अब लोग जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।
सवा साल पहले इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ था। फरवरी 2022 तक प्रोजेक्ट का काम पूरा होना था। बिजली निगम ने समय पर बिजली खंभे नहीं हटवाए। वन विभाग ने समय पर पेड़ काटने की अनुमति नहीं दी। विधायक की कई बार चेतावनी के कारण काम शुरू हुआ लेकिन छह माह तक लेट हो गया। अब सितंबर तक काम पूरा होना है। ऐसे में तय समय पर काम पूरा होने की संभावना भी कम ही है।
सितंबर तक काम पूरा कर देंगे
सितंबर तक प्रोजेक्ट का काम पूरा करना है। प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। हमारा प्रयास है कि समय पर प्रोजेक्ट का काम पूरा हो जाए।
- जतिन खुराना, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी