पानीपत। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में राजकीय स्कूलों के प्रधानाचार्यों के लिए आयोजित जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रशिक्षण डिजाइन थिंकिंग, जीवन कौशल और योग्यता-आधारित शिक्षा जैसे विषयों पर केंद्रित रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत सरकारी व पीएमश्री स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। प्रशिक्षण शिविर के तीसरे दिन प्रधानाचार्यों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी और उद्यमिता के साथ एनईपी का रोडमैप समझा। इस दौरान वे एनईपी की नई-नई क्रिएटिविटी, नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षण पद्धति से रूबरू हुए। प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर डायट से वरिष्ठ व्याख्याता अनिल कुमार और सुनीता देवी तथा मनोविज्ञान के प्रोफेसर तकदीर सिंह व लेक्चरर तेजिंदर मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर मौजूद रहे जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन और नेतृत्व का निर्माण के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आवश्यक हैं। संवाद