पानीपत। शिव नगर में बैंक की किस्तों के दबाव में बोलेरो मालिक ने जहर खाकर जान दे दी। वह दो साल से किस्त नहीं दे पा रहा था और बैंक से लगातार फोन आने से परेशान था। खानपुर मेडिकल कॉलेज से किला थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस इस बारे में बैंक कर्मचारियों व परिजनों से पूछताछ कर रही है।
शिव नगर निवासी सचिन ने बताया कि उसके भाई राहुल (22) ने तीन साल पहले एक बैंक से किस्तों पर बोलेरो गाड़ी ली थी। उसने गाड़ी को फैक्टरियों में लोडिंग के काम में लगाया था। राहुल ने अपने दोस्तों को बताया था कि उसकी दो साल की किस्त पेंडिंग हैं। अब बैंक कर्मचारी गाड़ी को उठाने की धमकी दे रहे हैं। इससे वह परेशान हो चुका है। उसने बृहस्पतिवार शाम को घर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसके फुफेरे भाई बंटी व दीपक उसे सिविल अस्पताल लेकर गए। यहां से उसको खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने पुलिस को देर से सूचना दी। ऐसे में शुक्रवार दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम हो पाया है। किला थाना प्रभारी विजय कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।