पानीपत। असंध रोड पर खुखराना के पास एक कार ने मोटरसाइकिल सवार ताऊ व भतीजे को टक्कर मार दी। हादसे में ताऊ की मौत हो गई। भतीजा घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
खुखराना गांव निवासी सुनील कुमार ने बताया कि होली की रात को करीब आठ बजे वो अपने ताऊ हुकम सिंह (59) के साथ मोटरसाइकिल पर खेत में जा रहा था। वो मोटरसाइकिल चला रहा था। गांव के अड्डे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वो सड़क किनारे गिर और उसका ताऊ हुकम सिंह सड़क के बीच में गिर गया। कार चालक वहां से फरार हो गया। वो राहगीरों की मदद से ताऊ को असंध रोड पर एक निजी अस्पताल में लेकर गया यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।