पानीपत। गंगा एक्सप्रेस-वे पर स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर ट्रैक्टर से एक युवक सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात करीब एक बजे हुआ। ट्रैक्टर चालक ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
यूपी के सहारनपुर के गांव फिरोजाबाद निवासी आजाद (27) पुत्र ममशाह मेहनत मजदूरी करता था। उसका मकान निर्माणाधीन है, आजाद को पता चला कि सोनीपत में ईंट कम रेट पर मिलती है, इसी सूचना पर शनिवार रात आठ बजे आजाद अपने पड़ोसी का ट्रैक्टर-ट्राली लेकर इर्दजाह के साथ सोनीपत के लिए चला था। ट्रैक्टर इर्दजाह चला रहा था, जबकि आजाद साइड में बैठा हुआ था। जब वह पानीपत में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रात करीब डेढ बजे पहुंचे तो डाडौला चौक पर स्पीड ब्रेकर आने की वजह ट्रैक्टर असंतुलित हो गया और ट्रैक्टर पर बैठा आजाद सड़क पर नीचे जा गिरा। सड़क पर सिर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इर्दजाह उसे सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि आजाद शादीशुदा था। उसके छह बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और चार बेटियां हैं।
इसी चौक पर पहले भी हो चुके हादसे-
डाडौला चौक पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। दो माह पहले इसी चौक पर बाइक सवार दंपती को एक ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी थी, हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं गत दिनों पहले तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक गोवंश की मौत हो गई थी। परिजनों ने स्पीड ब्रेकर की मांग की थी। अब स्पीड ब्रेकर बनाया गया है तो उसकी ऊंचाई करीब एक फुट कर दी गई है, जिससे हादसा होने की आशंका बढ़ गई है।
वर्जन
पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
- इंस्पेक्टर राकेश कुुमार, सेक्टर 29 थाना प्रभारी