पानीपत। सेक्टर छह के पास एक दुकानदार को नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवक 90 हजार रुपये, मोबाइल, डेबिट कार्ड लूटकर फरार हो गए। आरोपी लिफ्ट लेकर पीड़ित की बाइक पर सवार हुए थे, सेक्टर छह के पास पहुंचते ही उन्होंने नशीला पदार्थ सुंघाकर वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने डेबिट कार्ड से भी 22 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने होश आने पर इसकी शिकायत थाने में दी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव हरिसिंह पुरा निवासी पालाराम ने बताया कि उसकी राम स्वरूप चौक के पास लकड़ी की दुकान है। वह 12 जुलाई को अपनी बाइक से लाल बत्ती चौक से रुपये निकालने के लिए गया था। उसने बैंक से 90 हजार रुपये निकाले और दुकान पर जाने लगा। रास्ते में दो युवकों ने उसे सेक्टर-छह मोड़ तक लिफ्ट मांगी। जब वह सेक्टर छह मोड़ पर पहुंचा तो आरोपियों ने बाइक से उतरते समय उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।आरोपी उसके थैले से 90 हजार रुपये, एक डेबिट कार्ड, मोबाइल, बाइक समेत बैंक के अन्य दस्तावेज लेकर फरार हो गए।
बाक्स
साढ़े तीन घंटे तक बेहोश पड़ा रहा, होश आने पर दी बेटे को सूचना-
पालाराम ने बताया कि उक्त वारदात शाम चार बजे की है। वह रात साढ़े सात बजे तक बेहोश पड़ा रहा। बेहोशी टूटने पर वह पैदल-पैदल रात 9 बजे जीटी रोड स्थित टोल प्लाजा पहुंचा। जहां उसने एक राहगीर का फोन लेकर अपने बेटे को कॉल कर वारदात की सूचना दी। इसके बाद बेटा वहां आया और उसे घर ले गया।
दो दिन तक डेबिट कार्ड से आरोपी निकालते रहे रुपये
पालाराम ने बताया कि आरोपी नकदी के साथ साथ उसका डेबिट कार्ड भी लेकर गए थे। डेबिट कार्ड की मदद से आरोपियों ने 12 जुलाई को खाते से 10 हजार, 13 जुलाई को 12 हजार रुपए और निकाल लिए। जिसके बाद उसने खाता और डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस को शिकायत दी।
वर्जन
युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर विजय सिंह, सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी