इसराना। इसराना में हाईवे अथाॅरिटी द्वारा हाईवे के दोनों तरफ रेलिंग लगाने का मामला अब गरमाता जा रहा है। इसे लेकर वीरवार को जबरजस्त जागृति मंच के तत्वावधान में छोटू राम किसान भवन में आसपास के गांवों के ग्रामीणों की पंचायत हुई। पंचायत में मंच के सदस्यों ने हाईवे अथॉरिटी व प्रशासन को समाधान के लिए दो सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा गया।
पंचायत की अध्यक्षता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष दलबीर जागलान ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले दस दिनों से हाईवे अथॉरिटी द्वारा हाईवे के दोनों तरफ ग्रिल लगा कर लोगों का बसों तक पहुंचने का रास्ता बंद किए जाने से ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक बस स्टैंड का कोई स्थायी समाधान नहीं होता तब तक या तो रोडवेज बस सर्विस लेन से चलाई जाए या फिर रिवॉलिंग एक्स आर्म लगा कर दोनों तरफ का रास्ता खुलवाने का काम किया जाए। इसके साथ हाईवे के दोनों तरफ बंद पड़ी लाइटों को ठीक कराकर चालू किया जाए।
पंचायत में मंच के सदस्यों ने हाईवे अथॉरिटी व प्रशासन को समाधान के लिए दो सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। दलबीर जागलान और जयभगवान जागलान ने चेताया अगर दो सप्ताह में समाधान नहीं कराया गया तो फिर से पंचायत बुलाकर ग्रामीण कोई ठोस कदम उठा सकते हैं। ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंच कर प्रदेश के सीएम के नाम नायब तहसीलदार सौरभ शर्मा को ज्ञापन सौंपा है। संचालन मंच प्रेस सचिव जयभगवान जागलान ने किया।
इस मौके पर प्रदीप जागलान, सुखपाल कुंडू, रोहताश जागलान, दयाचंद, राजबीर सिंह, राजेंद्र, दलशेर, यशबीर जस्सू, सूबे सिंह, रमेश सांगवान भी मौजूद रहे।