पानीपत। हरीनगर कच्चा फाटक से बुधवार को दो बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। बड़ी बहन 10 साल और छोटी छह माह की है। परिजनों की शिकायत पर पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 10 वर्षीय बड़ी बच्ची छह माह की छोटी बहन को साथ लेकर घर से निकल गई थी। वह दोपहर करीब तीन बजे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दे रही है। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद से पुलिस की तलाश में जुटी हुई है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि तीन टीमें दोनों बच्चियों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल एक जगह की फुटेज में दोनों बहनें अकेली जाती दिखाई दे रही हैं। जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।