पानीपत। दलबीर नगर और भगत नगर में दो मामलों में दो व्यक्तियों ने बृहस्पतिवार देर रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
दलबीर नगर निवासी मधु ने बताया कि उसका पति तेजपाल (49) एक फैक्टरी में काम करता था। राकेश कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति उसके पति को लगातार धमकियां दे रहा था, जिस वजह से उसका पति पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बृहस्पतिवार रात उसका पति कमरे में गया था। वह रात 10 बजे कमरे में खाना लेकर गई तो उसका पति फंदे पर लटका मिला। तेजपाल के तीन बच्चे है, जिनमें बड़ा बेटा रोहित, मंझला शिवम व एक बेटी भावना है।
वहीं दूसरी तरफ भगत नगर निवासी अमर पुत्र मदन लाल एक पेंटर था। पत्नी नीरज ने बताया कि उसका पति पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह रात करीब साढ़े 11 बजे कमरे में गई तो उसका पति पंखे पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। उसने पुलिस को सूचना दी। तहसील कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आगामी कार्रवाई शुरू की। नीरज ने बताया कि उसके दो बच्चे है, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है।