संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। चुलकाना के युवक आदेश पर गांव के बाबा लकीसर मंदिर के सामने पिस्तौल से फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब तीन साल पहले हुई जानलेवा फायरिंग की इस वारदात के नौ आरोपी रवि उर्फ कमांडो (सरगना), कृष्ण, मोहित, विशाल, अंकुश, कुलदीप, साहिल, मोहित उर्फ चुड़िया निवासी चुलाकाना और दीपक निवासी समालखा को पहले ही गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन बाइक, तीन देसी पिस्तौल और लाठी डंडें बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
इस मामले में दो आरोपी रिंकू और विशाल फरार चल रहे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीआईए- थ्री की टीम आरोपी रिंकू और विशाल की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शुक्रवार शाम पुलिस को समालखा अड्डे पर दोनों आरोपियों के घूमने बारे गुप्त सूचना मिली। जिस पर सीआईए थ्री टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन दोनों ने उत्तराखंड के हरिद्वार व ऋषिकेश में छुप कर फरारी काटी। पुलिस टीम ने शनिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बॉक्स
दोनों पर हत्या के मुकदमे
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है। थाना समालखा में दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग अलग हत्या का एक-एक मामला दर्ज है। आरोपी रिंकू को हत्या के उक्त मामले में आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। आरोपी वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान पेराेल पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद गत जनवरी में बेल पर जेल से बाहर आया था। वहीं आरोपी विशाल उर्फ कागा वर्ष 2021 में बेल पर जेल से बाहर आया था।