पानीपत। नगर निगम ने प्राॅपर्टी टैक्स के बकायादारों पर मंगलवार को फिर से कार्रवाई शुरू की। बरसत रोड चूंगी से आगे दो फैक्टरी करीब सवा 18 लाख का प्रॉपर्टी टैक्स जमा न कराने पर सील कर दी। वहीं एक टीवी शोरूम संचालक व सेक्टर-सात में एक व्यक्ति ने मौके पर ही टैक्स जमा कर दिया। निगम को करीब चार लाख रुपये प्रॉपर्टी टैक्स मिला है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नगर निगम के पीओ राकेश कादियान की देखरेख में जेई जतिन, क्लर्क विकास वर्मा, सोनू व अमित ने मंगलवार दोपहर बाद एक बजे प्रॉपर्टी टैक्स के बकायादारों पर कार्रवाई शुरू की। जीटी रोड से बरसत रोड की तरफ मुड़ते ही एक टीवी व फ्रिज शोरूम पर 2.04 प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। शोरूम मालिक ने टीम को मौके पर ही टैक्स जमा करा दिया। टीम ने बरसत रोड चूंगी से कुछ आगे गुरदीप और सुनील की फैक्टरी का सील कर दिया। गुरदीप की फैक्टरी पर नो और सुनील की फैक्टरी पर 9.14 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। टीम इसके बाद सेक्टर-सात में पहुंची। यहां एक स्थान पर कॉमर्शियल गतिविधियां चल रही थी। इन पर दो लाख रुपये का टैक्स बकाया था। संबंधित व्यक्ति ने मौके पर ही इसको जमा कर दिया। नगर निगम के सहायक आयुक्त विवेक चौधरी ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स के बड़े बकायादारों को सूचीबद्ध किया गया है। ऐसे लोगों पर टीम पहुंच रही है। कुछ लोग साथ के साथ टैक्स जमा करा रहे हैं, जबकि कुछ अपनी बात रख रहे हैं। टैक्स जमा न करने पर मंगलवार को दो फैक्टरी सील की हैं।