इसराना। गांव पलडी के पांच किसानों के खेतों से बुधवार रात अज्ञात चोरों ने करीब सौ मीटर बिजली तार पर हाथ साफ कर दिया। किसानों के खेतों से लगातार बिजली की तार व कृषि उपकरणों की चोरी से किसान परेशान हैं। पुलिस ने किसानों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में किसान प्रकाश चंद्र ने बताया कि बुधवार की रात उनके व अन्य चार किसानों के खेत में ट्यूबवेलों के कोठे के ताले तोड़ चोर करीब सौ मीटर तार पर हाथ साफ कर गए। उसके खेत से 30 मीटर, रणबीर के खेत से 20 मीटर, अजमेर के खेत से 20 मीटर, अत्तर सिंह के खेत से 15 मीटर व राजेंद्र के खेत से 15 मीटर बिजली की तार चोरी की गई है। थाना इसराना पुलिस के प्रभारी महीपाल ने बताया कि किसानों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।