समालखा। गांव पट्टीकल्याणा में एक विवाहिता ने घरेलू कलह से परेशान होकर फंदा लगाकर जान दे दी। विवाहिता के मायके वालों ने पुलिस को तहरीर देकर उसके के पति व पूर्व सरपंच पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विवाहिता के पति और पूर्व सरपंच के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनाना गांव निवासी विकास कुमार ने हल्दाना चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन सोनिया (27) ने अपने पट्टीकल्याणा गांव स्थित घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सोनिया की शादी 2016 में कुलदीप से हुई थी । उसका जीजा कुलदीप उसकी बहन को परेशान करता था। अक्सर वह दहेज के लिए सोनिया से मारपीट भी करता था। जब उसकी बहन मां बनी तो कुलदीप ने उनसे मोटरसाइकिल की मांग की थी। उन्होंने इस मांग को पूरा भी किया था।
कुलदीप उसकी बहन से बार बार मारपीट करके घर से निकाल देता था दो माह पहले भी पंचायत हुई थी। जिसमें कुलदीप को झगड़ा न करने के लिए समझाया गया,लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।उसने यह भी आरोप लगाया कि कुलदीप उन्हें गांव के एक पूर्व सरपंच के नाम की धमकी देता था।पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।