पानीपत। आजाद के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के तहत पिछले दो दिन से नगर निगम की ओर से शहर में सभी रिहायशी और व्यावसायिक इमरतों पर तिरंगे लगाए जा रहे हैं। इसके लिए निगम की सफाई शाखा अपने करीब दो हजार कच्चे-पक्के कर्मचारियों के साथ फील्ड में उतरी है। इनको निगम की ओर से शहर में डेढ़ लाख तिरंगे वितरित करने और लगाने का लक्ष्य मिला है। इसे लेकर सफाई मित्र सुबह से दोपहर तक शहर की सफाई करने में जुटे रहे तो दोपहर बाद तिरंगे लगाने का काम करते रहे। वहीं, निगम की ओर से हर वार्ड में पार्षद और भाजपा पदाधिकारियों के घर तीन से पांच हजार तिरंगे का स्टॉक भी भेजा जा रहा है। शहर के पार्षद भी महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। वार्डों में निगम अधिकारियों के सहयोग से तिरंगा यात्रा भी निकाली जा रही है। शहर की सभी सरकारी इमारतों पर खादी के बड़े तिरंगे लगाए गए हैं जबकि जीटी रोड से लेकर सभी मुख्य राजमार्गों पर साटन के तिरंगे लगाए जा रहे हैं।
शहरवासियों पर भी तिरंगे का रंग चढ़ने लगा है। लोग अपने दो पहिया या चार पहिया वाहनों पर तिरंगे लगाकर लहरा रहे हैं। शहर के तकरीबन सभी वार्डों की कॉलोनियों में तिरंगे पहुुंचाए जा चुके हैं। निगम कर्मी खुद घर-घर जाकर तिरंगे बांट भी रहे हैं और लगा भी रहे हैं। सरकार के निर्देशानुसार पूरा निगम प्रशासन शहर के माहौल को तिरंगामयी बनाता जा रहा है।
नगर निगम की ओर से सफाई एजेंसियां जेबीएम, पूजा कांसूलेशन, आईएनडी और आयुषी कंपनी भी अपने कर्मचारियों के साथ अभियान में जुटी हैं। इनके कर्मचारी सुबह से दोपहर तक कूड़ा कलेक्शन और सफाई का काम कर रहे हैं, जबकि दोपहर बाद तिरंगे बांटने और लगाने के काम में जुटे रहे। साथ ही निगम की सफाई शाखा के मुख्य सफाई निरीक्षक जितेंद्र नरवाल, सफाई निरीक्षक विकास नरवाल, गुरमीत सिंह, रिंकू शर्मा, परमजीत, राकेश भी अपनी अलग अलग टीम बनाकर अलग अलग वार्डों में जुटे रहे। सरकारी और गैर सरकारी इमारतों पर तिरंगे लगाने का काम इंजीनियरिंग विंग को दिया गया है।
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरे शहर में तिरंगे बांटे जा रहे हैं। कर्मचारी खुद भी इमारतों पर तिरंगे लगाने का काम कर रहे हैं। आजादी के पर्व को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए निगम की ओर से पूरी तैयारी की गई। शहरवासी भी अभियान में सहयोग कर रहे हैं।
- जितेंद्र नरवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर निगम।