पानीपत। जैन मोहल्ले में सोमवार की रात को मजार तोड़ने पर हंगामा खड़ा हो गया। समुदाय के लोगों ने एक दुकानदार पर 100 साल पुरानी मजार तोड़ने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि दुकानदार ने मरम्मत कराने की बात कही थी और गुपचुप तरीके से इसको तोड़ दिया गया। विरोध और हंगामे के बीच वक्फ बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मजार का रिकॉर्ड जांचा है। वहीं देर रात डीएसपी सुरेश सैनी और थाना शहर पुलिस प्रभारी जाकिर हुसैन पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। इस मामले में आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर में देर रात को प्रशासन और पुलिस बल सतर्क रहा।
वकील आसिफ अंसारी ने बताया कि जैन मोहल्ले में हनुमान मंदिर के पास काफी पुरानी मजार है। समुदाय के लोग पिछले काफी समय से यहां इबादत करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दुकानदार ने मजार की मरम्मत कराने की बात कही थी। उनको सोमवार शाम पांच बजे पता चला कि दुकानदार की नीयत साफ नहीं है। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस और वक्फ बोर्ड अधिकारियों को दी। इसके बाद रात 10 बजे तक घटनास्थल पर समुदाय विशेष के लोगों का जमावड़ा लगा रहा। मामले की शिकायत लेकर लोग थाना शहर पहुंचे और थाना प्रभारी जाकिर हुसैन से दुकानदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
तीन घंटे तक रिकाॅर्ड खंगालता रहा वक्फ बोर्ड, लोगों में नाराजगी
समुदाय के लोगों ने सोमवार शाम छह बजे मामले की जानकारी वक्फ बोर्ड अधिकारी को दे दी थी, लेकिन वक्फ बोर्ड के कर्मचारी मौका मुआयना कर कार्यालय चले गए। इसके बाद तीन घंटे तक वे रिकॉर्ड खंगालते रहे। रात साढ़े नौ बजे तक भी कर्मचारी नहीं लौटे तो समुदाय के लोगाें ने नाराजगी जताई। वकील आसिफ अंसारी ने बताया कि मामला छह बजे से वक्फ बोर्ड की जानकारी में होने के बावजूद भी कर्मचारी सुनवाई के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने वक्फ बोर्ड कर्मचारियों पर ही मजार तोड़ने की शह देने का आरोप लगाया।
वर्जन
घटनास्थल का मुआयना किया जा चुका है। रात 10 बजे तक भी कोई शिकायत नहीं मिली थी। अगर शिकायत मिलती है तो जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सुरेश सैनी, डीएसपी।