पानीपत। पानीपत तहसील में एक रजिस्ट्री कराने के लिए टोकन एक माह पहले बुक हो गए हैं। ऐसे में किसी को अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री करानी है तो उसे अक्तूबर में टोकन मिलेगा। वहीं तत्काल योजना में हर रोज मिलने वाले दस टोकन दो से तीन मिनट में ही बुक हो रहे हैं। तत्काल के टोकन के लिए अलग से 25 हजार की सरकारी फीस जमा करानी होती है। क्रेता और विक्रेता पक्षों को पंजीकरण न होने पर तहसील कार्यालय में अपनी हाजिरी तक लगवानी पड़ रही है। ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
तहसील के विलेख लेखकों और अधिवक्ताओं ने लोगों की परेशानी को देखते हुए आगे आकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें गुरुग्राम की तर्ज पर पानीपत तहसील के टोकन बढ़ाने की मांग की है। विलेख लेखक योगेश कुमार और विकास कुमार ने बताया कि गुरुग्राम की एक तहसील में 150 और दूसरी तहसील में 200 टोकन बुक होते हैं। इनको देखते हुए प्रशासन को पानीपत में भी टोकन बढ़ाने चाहिए।
उपायुक्त के निर्देशानुसार पत्राचार किया गया है। तहसील में टोकन को बढ़ाकर दो सौ और तत्काल में 25 टोकन तक करने की मांग की है। इससे तहसील के जरिये सरकार का राजस्व भी बढ़ेगा और लोगों की परेशानी भी कम होगी।
- वीरेंद्र कुमार गिल, तहसीलदार पानीपत।