पानीपत। सुताना गांव में प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर युवक को पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद उसका शव पल्ली में बांधकर नहर में फेंक दिया गया। युवक को उसकी प्रेमिका ने ही कॉल कर अपने घर बुलाया था। रात को उसके पति, पड़ोसी व रिश्तेदारों ने युवक को बुरी तरह से पीटा। उसका पांच दिन के बाद रोहतक में नहर में शव मिला है। मृतक के भाई ने प्रेमिका समेत छह सात लोगों पर उसकी हत्या का आरोप लगाया है। शव को रोहतक पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। रोहतक सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोनीपत के खिजरपुर गांव निवासी सुभाष ने बताया कि उससे छोटा उसका भाई संदीप (28) था। उसकी पानीपत के गांव सुताना में रिश्तेदारी है। संदीप के गांव सुताना निवासी महिला के साथ प्रेम संबंध थे। यह दोनों मोबाइल पर भी बात करते थे। 15 सितंबर को महिला ने संदीप के पास एक पड़ोसन के मोबाइल से कॉल कर बुलाया था। संदीप घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया। उन्होंने 17 सितंबर को गन्नौर पुलिस थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी। गन्नौर थाना पुलिस ने संदीप के मोबाइल की लोकेशन जांची तो उसकी आखिरी लोकेशन सुताना गांव में मिली। वहां गन्नौर पुलिस ने कार्रवाई से इंकार कर दिया। वह अपनी शिकायत लेकर पानीपत के पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के पास पहुंचे। यहां उन्होंने गुमशुदगी का केस दर्ज किया। शुक्रवार शाम को रोहतक में नहर में एक युवक का शव मिला था। रोहतक पुलिस ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस से शव के बारे में संपर्क किया। वह रोहतक में शव की पहचान करने पहुंचे।
बॉक्स
मां के टैटू से की शिनाख्त
यहां पल्ली में शव बंधा हुआ था। उसके हाथ पर बने उसकी मां का टैटू बना हुआ था। उन्होंने टैटू से शव की पहचान संदीप के रूप में की। शव पर लाठी डंडों के निशान थे। संदीप को महिला के पति सुनील ने अपने कई रिश्तेदारों के साथ मिलकर पीट पीटकर मौत के घाट उतारा है।
बॉक्स
पड़ोसियों ने की थी बचाने की कोशिश
मृतक संदीप के भाई सुभाष ने बताया कि अब तक जांच में पता चला है कि 15 सितंबर की रात को अन्नु के घर से एक युवक की चिल्लाने की आवाज आ रही थी। रात को ये आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए थे। पड़ोसियों ने अन्नु के मकान का गेट खोला तो गंभीर रूप से घायल संदीप ने यहां से भागने की कोशिश की लेकिन वह घायल अवस्था में भाग नहीं पाया और गली में गिर गया। अन्नु के पति सुनील ने पड़ोसियों को बताया कि यह चोर है उनके घर में चोरी करने घुसा था। इसके बाद वह संदीप को घसीटकर दोबारा घर में ले गए और उसकी हत्या कर दी।
वर्जन-
पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज रोहतक की सदर थाना पुलिस ने किया है। यह घटना सुताना गांव की है। युवक की हत्या कर शव को पल्ली में बांधकर नहर में फेंका गया था। मामले की जांच की जा रही है।