पानीपत। जिले में दो अलग-अलग मामलों में बैंक खातों से ठगों ने 1.25 लाख रुपये निकाल लिए। पहले मामले में आरोपी ने युवक के खाते से 99 हजार और दूसरे मामले में दंपती से डेबिट कार्ड बदलकर 25 हजार रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास नगर निवासी नौशाद आलम ने बताया कि 18 जुलाई को दोपहर उसके खाते से दो बार रुपये डेबिट हुए। पहली बार में 49 हजार और दूसरी बार में 50 हजार रुपये निकाले गए। उसके पास न कोई मैसेज आया, ना ही कोई लिंक या फोन आदि आया। उसने किसी से भी ओटीपी भी शेयर नहीं किया है। इसके बावजूद खाते से नकदी कट गई। सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बबैल रोड राम नगर निवासी अंतराम ने बताया कि 18 जुलाई को वह अपनी पत्नी वीना रानी के साथ जीटी रोड स्थित एक निजी बैंक के बाहर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक आया और कहा कि उसने भी बैंक से लोन करवाया है। जिसके उसे रुपये निकलवाने हैं। वह अपनी पत्नी के साथ एटीएम बूथ पर चला गया। आरोपी भी उनके पीछे-पीछे आ गया। वहां बातों में उलझाकर युवक ने उनके हाथों से डेबिट कार्ड ले लिया और बदलकर दूसरा दे दिया। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल फोन पर 25 हजार की निकासी का मैसेज आया। डेबिट कार्ड चेक किया तो वह बदला हुआ मिला। इस मामले में शहर थाने की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।