पानीपत। जाटल गांव में एक व्यक्ति ने प्रेमिका से शादी करने के लिए पत्नी को घर से निकाल दिया। पत्नी का आरोप है कि उसके पति दूसरी शादी करने के लिए उस पर तलाक का दबाव बना रहा है। इसके अलावा पीड़िता ने पति पर दहेज की मांग करने के भी आरोप लगाए हैं। महिला ने इसकी शिकायत पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति पर केस दर्ज कर लिया है।
जाटल रोड निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी नवंबर 2019 को कुलदीप निवासी जाटल गांव के साथ हुई थी। शादी के दो माह बाद ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ना शुरू कर दी। उनसे मोटरसाइकिल खरीदने के लिए एक लाख रुपये की मांग की। उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उसके चरित्र पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ दिन बाद उन्होंने पति को 20 हजार रुपये। इसके बाद भी उसके साथ मारपीट जारी रही। अगस्त 2020 में वह बेटे की मां बनी। उसके पिता ने पीलिया रस्म में एक लाख रुपये का सामान दिया था, लेकिन ससुराल वाले तब भी खुश नहीं हुए। मई 2024 में पति ने उसको पीटा। उसके पति कुलदीप ने एक महिला का फोटो दिखाते हुए कहा कि उसे इस महिला से शादी करनी है। इसलिए उसे उससे तलाक चाहिए।