पानीपत। शहर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की रिपेयरिंग और नई लाइटों को लगवाने के मामले पर पंचायत एवं सहकारिता राज्य मंत्री महिपाल ढांडा की फटकार के बाद अगले दिन ही शुक्रवार को निगम अधिकारियों की नए सिरे से ड्यूटी लगा दी गई है। शहर को जगमग करने के लिए निगम आयुक्त ने शहर के तीन जोन बना दिए हैं। इनमें वार्ड वाइज एसडीओ और जेई को तैनात कर दिया गया है। ये अधिकारी पुरानी लाइटों को ठीक करवाने के साथ शहर में आने वाली नई 16619 लाइटों को लगवाने का काम करेंगे।
अब तक शहर में साढ़े 16 हजार में से नई सिर्फ 2800 लाइटें ही आई हैँ। इनको भी जनप्रतिनिधियों की लोकेशन और डिमांड के अनुसार लगाने का का काम किया जा रहा है। अब निगम एक कंस्लटेंसी हायर करेगी। जो शहर का सर्वे कर ये बताएगी कि बाकी की लाइटों को कहां कहां पर लगाया जाना चाहिए। इनकी जरूरत कहां है और कहां नहीं।
अधिकारियों ने बताया कि पुरानी लाइटों को ठीक करने के लिए निगम ने तीन एजेंसी इम्पैनल की हैं। सोमवार तक इनको 20 से 25 लाख रुपये के सामान का वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। जिसके बाद अगले सोमवार यानी 24 जून से पुरानी लाइटों को ठीक करने का काम रफ्तार पकड़ लेगा। लाइटों के सामान आने के बाद निगम की स्पेशल तौर पर लाइटों के लिए लगाई गई 44 कर्मियों की मैनपावर का इस्तेमाल किया जाएगा। दूसरी ओर नई लाइटों की इंस्टॉलेशन का निगम ने टेंडर दिया है। इनको भी वार्ड वाइज संबंधित अधिकारी ही लगवाएंगे। पुरानी और नई लाइटों की रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को निगम आयुक्त को सौंपी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि शहर के लोग नई लाइटें लगवाने और पुरानी ठीक करवाने के लिए वार्ड वाइज इन अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
बॉक्स
ऐसे लगाई ड्यूटी-
वार्ड नंबर - अधिकारियों का नाम, पद और मोबाइल नंबर
1 से 8- एसडीओ इंद्रखेड़ा- 9354194846 व जेई गौरव कुमार- 8708351318
9 से 16- एसडीओ दीपक राणा- 9728880808 , तकनीकी एक्सपर्ट हरविंद्र पंघाल- 8396823075
17 से 26 - रिटायर्ड एसडीओ कलम सिंह मेहला- 9416557804 व जेई रोहित सैनी - 7988033626
वर्जन-
नई 16619 लाइटों की खरीद करने और उनको सुचारू रूप से वार्डों में लगाने के लिए वार्ड वाइज निगम अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। प्रत्येक सोमवार को इनकी प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।
साहिल गुप्ता, आयुक्त, नगर निगम।