पानीपत। सनौली रोड पर गांव उग्राखेड़ी के पास घायल व्यक्ति की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के साथ तीन लोगों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने कहा कि तुम पूरी रात घूमते हो, लोगों को परेशान करते हो, इतना कहते ही ईएएसआई और सिपाही हमला कर दिया। सिपाही की गर्दन पर चोट आई है और उसकी वर्दी भी फाड़ दी। एक गाड़ी में पुलिस पहुंची तो आरोपी भागने गए। चांदनीबाग थाना पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ईएएसआई सुरेंद्र ने बताया कि वह सेक्टर 29 ईआरवी पर बतौर इंचार्ज तैनात है। ईआरवी पर सिपाही संदीप बतौर चालक है। बुधवार रात 112 पर सूचना मिली कि उग्राखेड़ी स्कूल के पास सनौली रोड के बीच एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। वह मौके पर पहुंचे और घायल को एंबुलेंस में सामान्य अस्पताल पहुंचाया। वहां से गश्त करते हुए निंबरी के पास पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो रात करीब सवा एक बजे एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए और ईआरवी के आगे बाइक अड़ा दी। पुलिसकर्मियों के साथ गालीगलौज करने लगे। उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। सिपाही संदीप की गर्दन पर चोट आई। आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी।
ईएएसआई सुरेंद्र ने बताया कि तीनों आरोपी आपस में एक युवक का नाम अजय पुकार रहे थे। सिपाही संदीप ने फोन कर मौके पर पुलिस बुलाई तो तीनों आरोपी भागने लगे। जिनमें से उसने काली टी-शर्ट पहने एक युवक को पकड़ लिया। सिपाही ने उनकी वीडियो बनाई। वह आरोपी को गाड़ी में बैठाने लगे तो आरोपी हाथापाई करते हुए खेतों की तरफ भाग गया। उन्होंने तीन में से किसी एक आरोपी का फोन मौके से बरामद किया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
- संदीप कुमार, प्रभारी, चांदनीबाग थाना