पानीपत। सेक्टर 13-17 हेलीपेड पर खड़ी सेक्टर 29 थाना की एंटी नारकोटिक्स सेल के हेड कांस्टेबल की गाड़ी का शीशा तोड़कर चोर तीन हजार रुपये और एक मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। हेड कांस्टेबल किसी काम से एक अस्पताल के पास गया था। वह लौटा तो चोरी का खुलासा हुआ, जिसके बाद उसने मामले की शिकायत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी। सोनीपत के गांव धतुरी निवासी संदीप त्यागी ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल पद पर कार्यरत है और वर्तमान में सेक्टर 29 थाना की एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात है। वह वीरवार रात करीब नौ बजे अपनी आई-20 गाड़ी को सेक्टर 13-17 हेलीपेड पर खड़ी कर किडनी अस्पताल की तरफ चला गया था। वह एक घंटे बाद लौटा तो उसकी गाड़ी का ड्राइवर की तरफ का शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी चेक किया तो अंदर से तीन हजार रुपये और एक सैमसंग का फोन चोरी मिला।