पानीपत। शहर में चोरों का आतंक है। तहसील कैंप, मॉडल टाउन और सदर थाना क्षेत्र में चोरों ने चार दिन में चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया। पीड़ितों को अगले दिन चोरी की वारदातों का पता चला, तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की शिनाख्त के लिए घटनास्थलों के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। देसराज कॉलोनी के नरेश गर्ग ने बताया कि डीएम स्कूल के पास उनकी टेलरिंग मटेरियल और कॉस्मेटिक की दुकान है। नौ अगस्त की रात वे दुकान बंद करके घर चले गए। रात में चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अस्तर, बुकरम, कड़े चोरी कर लिए। सिठाना गांव कसी फूलपति ने बताया कि नौ अगस्त को वे बेटी के घर सोनीपत गई थीं। पीछे से चोर 18 तोला वजनी चांदी के दो हार, तीन सोने की तिल्ली चुराकर ले गए। उन्हें 13 अगस्त को घर लौटने पर चोरी की घटना का पता चला। इसमें उसका लगभग 50 हजार का नुकसान हुआ है। मॉडल टाउन के शुभम जावा ने बताया कि उनकी कमालिया भवन के पास फास्ट फूड की दुकान है। 12 अगस्त की रात को चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर एक इंवर्टर बैटरी, दो सिलिंडर, कैमरे की डीवीआर और पांच हजार रुपये चुराकर ले गए।