समालखा। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स विंग ने शनिवार को दोपहर हल्दाना बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर कार सवार तीन मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10.300 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख बताई गई। आरोपी झारखंड से अफीम खरीदकर लाए थे। उन्हें यह अफीम पानीपत और करनाल में सप्लाई करनी थी। अब पुलिस रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर मुख्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
एएसपी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स विंग को सूचना मिली थी कि एक कार में सवार तस्कर पानीपत की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने हल्दाना बॉर्डर पर नाकाबंदी की। दिल्ली की ओर से आ रही एक कार को रुकवाया। कार सवारों की पहचान गांव महमदपुर निवासी हीरा और लवप्रीत एवं करनाल के फूसगढ़ निवासी तेजपाल के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर डिक्की से प्लास्टिक के बैग में अफीम मिली। तोलने पर अफीम की मात्रा 10 किलो 300 ग्राम मिली। इसकी कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई। उन्होंने पूछताछ में बताया कि वे झारखंड से अफीम खरीदकर लाए थे। अब पुलिस उनके साथियों तक पहुंचने के लिए दबिश दे रही है।