पानीपत। सीआईए-2 पुलिस ने बाइक चोरी के गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीसरे बालिग आरोपी की पहचान उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) निवासी देव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सीआईए-2 प्रभारी अनिल ने बताया कि गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने देवीलाल पार्क के पास दबिश देकर तीनों को एक संदिग्ध एचएफ डीलक्स बाइक के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने शहर थाना क्षेत्र की गली से बाइक चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके अलावा उनकी निशानदेही पर बाबरपुर गंदा नाला की झाड़ियों से दो अन्य बाइकें एक स्पलेंडर और दिल्ली से चुराई गई एचएफ डीलक्स बरामद की है। अदालत के आदेश पर दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह अंबाला और आरोपी देव सिंह को जेल भेज दिया है। संवाद