पानीपत। जिले में डेंगू के तीन और मलेरिया का एक नया मरीज मिला है। इसके साथ ही सीजन में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 47 हो गई है। वहीं, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकनपॉक्स के सात मामले भी सामने आ चुके हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा गतिविधियां चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से कूलर, पानी की टंकियों और गमलों की नियमित सफाई करने तथा आसपास पानी जमा न होने देने की अपील की। बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और डॉक्टर की सलाह से इलाज लेने को कहा।