संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। समालखा पुलिस ने जौरासी रोड पर गणेश कॉलोनी में बागवाला मोहल्ला निवासी रविंद्र उर्फ बिल्लू (20) की हत्या मामले में मंगलवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हरीश, रोहित व नवीन को भिवानी से गिरफ्तार किया है। जिन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। अब तक इस हत्याकांड में पुलिस कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में दो महिलाओं सहित कुल 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
समालखा थाना प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि समालखा के बागवाला मौहल्ला निवासी रविंद्र उर्फ बिल्लू की लाठी डंडों से पीट पीट कर हत्या कर शव गली में फैंक दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्याकांड में शामिल मोहित को सबसे पहले गिरफ्तार किया गया था। रविवार को राहुल निवासी डांग खुर्द और मोहित निवासी बलियाली भिवानी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। जिसके बाद इन्होंने हरीश, रोहित व नवीन को भिवानी से गिरफ्तार करवाया। तीन आरोपी इनमें तीन दिन के रिमांड पर चल रहे हैं। पुलिस को अब भी मामले के बाकी आरोपियों की तलाश है।